पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ।मलिहाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब पांच बजे रेलवे ट्रैक पर पोल संख्या 1098/8 के निकट लखनऊ से जम्मू जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस की चपेट में आने से जगदीशपुर निवासी रोहित मौर्य (30वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर मौजूद था और ट्रेन आने के दौरान अचानक ट्रैक के निकट पहुंच गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक अपने पीछे पिता सतीश मौर्य, माता रामगोरी और एक भाई को छोड़ गया है। युवक की असामयिक मौत से परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










