कानपुर देहात। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक सशक्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद द्वारा थाना रूरा एवं थाना डेरापुर क्षेत्रान्तर्गत पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों द्वारा कस्बा रूरा में अकबरपुर रोड़ शिवाजी नगर से डेरापुर रोड़ भटौली तिराहा तकएवं कस्बा डेरापुर में सर्राफा बाजार व मिश्रित आबादी वाले इलाकों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की गई तथा उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीम द्वारा बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की जांच की गई। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने हेतु पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी जागरूकता प्रदान की गई तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने हेतु पैदल गश्त, वाहन चेकिंग एवं अन्य सुरक्षा संबंधी अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानपुर देहात पुलिस जनपदवासियों की सुरक्षा, सेवा एवं विश्वास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।










