पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग (कस्टम्स) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 करोड़ रुपये मूल्य की संदिग्ध हाइड्रोपोनिक मारिजुआना (गांजा) बरामद की है। इस मामले में कस्टम अधिकारियों ने बरामद हाइड्रोपोनिक वीड जप्त करते हुए एक भारतीय मूल के यात्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।कस्टम अधिकारियों के मुताबिक एक जून सोमवार को मस्कट से लखनऊ आने वाली ओमान एयरलाइंस की उड़ान (डब्लयूवाई-265) से आयात्रियों में से एक चेक-इन बैगेज की एक्स-रे जांच के दौरान संदिग्ध सामग्री दिखाई दी।
इसके बाद अधिकारियों ने संबंधित यात्री की पहचान कर उसे ट्रैक करते हुए रोक लिया और उसके सामान की गहन तलाशी ली। जंहा तलाशी के दौरान उसके बैग में रखे पांच चॉकलेट पैकेटों के भीतर छिपाकर रखे गए कुल 10 पॉलिथीन पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में हरे रंग का पदार्थ मिला, जिसके गांजा अथवा हाइड्रोपोनिक मारिजुआना होने का संदेह है।
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन लगभग 13 किलोग्राम पाया गया है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये आंकी गई है। कस्टम अधिकारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर संदिग्ध एनडीपीएस पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43(ए) के तहत जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्री ने अधिनियम की धारा 8 का उल्लंघन करते हुए धारा 20, 23 एवं 29 के तहत दंडनीय अपराध किया है। फिलहाल कस्टम विभाग ने आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तार कर मंगलवार को उसे जेल भेज दिया है।










