पैदल जा रहे किशोर को डम्पर ने मारी टक्कर, मौत

डंपर में फंसकर 50 मीटर दूरी तक घिसटता चला गया 

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। बंथरा इलाके में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने पैदल जा रहे 12 वर्षीय किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। लेकिन ट्रामा सेंटर पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बंथरा बाजार में रहकर पल्लेदारी करने वाले मन्दौस थारू का बेटा मानस (12) मंगलवार सुबह करीब सात बजे शौच करने जा रहा था। तभी बंथरा उम्मेद खेड़ा रोड पर बंथरा बाजार के पास पैदल जा रहे मानस को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह डंपर में फंसकर करीब 50 मीटर दूर तक घिसटता चला गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर डम्पर चालक को पकड़ लिया और आनन-फानन घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए सरोजनीनगर सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन ट्रामा सेंटर पहुंचने से पहले ही मानस ने दम तोड़ दी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेने के साथ उसके चालक महेंद्र रावत को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ करने के साथ आगे की कार्रवाई कर रही है। मृतक के परिवार में उसके पिता मंदौस के अलावा मां रन्नो और तीन बहने मनु, मानसी और सरिता हैं। मृतक अपने चार भाई बहनों में दूसरे नंबर पर था।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *