दीवारों की पेंटिंग से पहले जर्जर सड़कों की मरम्मत कराए प्रशासन, 94 लाख के सौंदर्यीकरण बजट पर युवाओं ने उठाए सवाल

ऋषिकेश।(रजनी गोयल ) शहर की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठाते हुए पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव राणा के नेतृत्व में युवाओं ने सोमवार को उपजिलाधिकारी ऋषिकेश को ज्ञापन सौंपा।
युवाओं ने मांग की कि दीवारों की पेंटिंग और सौंदर्यीकरण पर खर्च होने वाले 94 लाख रुपये से पहले शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराई जाए। ज्ञापन में कहा गया कि बीस बीघा, बापू ग्राम, शिवाजी नगर, गुमानीवाला, भट्टोवाला और बाजार क्षेत्र सहित कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गौरव राणा ने कहा कि शहर की प्राथमिक जरूरत बेहतर सड़कें और सुरक्षित आवागमन है। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि त्योहारों के दौरान पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से यातायात का दबाव भी बढ़ेगा, इसलिए समय रहते मरम्मत जरूरी है। छात्रसंघ महासचिव रेहान बंदोलिया ने प्रशासन से स्थलीय निरीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त मार्गों पर प्राथमिकता से काम शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, मानव रावत, उदित झा, तरुण त्यागी, अखिल रावत, अतुल डोभाल, सुंदर साहनी, दीपक कुशवाहा, अनमोल, शुभम कुमार, ऋतिक कुशवाहा, नितिन, अमन, भव्य रावत, इशांत, अक्षत, निखिल रावत, हर्ष और अर्पित बंदोलिया सहित अन्य युवा मौजूद रहे।



