सीनियर महिला टी-20: रेलवे का विजय अभियान जारी, विदर्भ, पंजाब और केरल भी जीते
रेलवे ने गुजरात को 23 रन से, पंजाब ने सिक्किम को 8 और केरल ने तमिलनाडु को 3 विकेट से हराया

रघुबीर शर्मा। लखनऊ
सीनियर महिला टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप में रेलवे का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात को डकवर्थ लुईस (डीएलएस) नियम के तहत 23 रन से हराकर रेलवे ने लगातार चौथी जीत दर्ज की और नॉकआउट चरण में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली। वहीं, दिन के अन्य मुकाबलों में केरल ने बड़ा उलटफेर करते हुए तमिलनाडु का विजय रथ रोका, जबकि पंजाब और विदर्भ ने भी अपने-अपने मैचों में धमाकेदार जीत हासिल की।
रेलवे ने गुजरात को 23 रन से दी शिकस्त
इकाना स्टेडियम के बी मैदान पर रेलवे ने गुजरात को डीएलएस नियम के तहत 23 रन से हराया। टॉस जीतकर गुजरात ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेलवे ने निर्धारित पांच ओवर में दो विकेट पर 65 रन बनाए। प्रतिका रावल ने 21 रन और शिप्रा गिरी ने नाबाद 17 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम निर्धारित पांच ओवर में पांच विकेट पर 42 रन ही बना सकी। चार्ली सोलंकी ने सर्वाधिक 16 और अर्शिया धारीवाल ने 13 रन बनाए।
पंजाब ने सिक्किम को आठ विकेट से हराया
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब ने सिक्किम को आठ विकेट से पराजित किया। आउटफील्ड गीली होने के कारण मुकाबला 16-16 ओवर का कर दिया गया था। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिक्किम की टीम ने पांच विकेट पर 97 रन बनाए। समायिता ने 36 और आशना पाटीदार ने 31 रन का योगदान दिया। पंजाब की ओर से मन्नत कश्यप ने दो विकेट झटके।
जवाब में पंजाब ने 11.4 ओवर में दो विकेट खोकर 98 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। हरसिमरन कौर ने 54 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
केरल ने तमिलनाडु को तीन विकेट से हराया
इकाना स्टेडियम के बी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में केरल ने तमिलनाडु को तीन विकेट से हराकर उसकी लगातार जीत के सिलसिले पर विराम लगा दिया। टॉस जीतकर केरल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडु की टीम ने नौ विकेट पर 107 रन बनाए। एनएस सुबारानी ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। केरल की ओर से आशा सोभना ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में केरल की टीम ने सात विकेट खोकर 19.3 ओवर में 108 रन बनाते हुए जीत दर्ज कर ली। वी. दृश्या ने 26 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।वहीं,खेले गए दिन के आखिरी मुकाबले में
विदर्भ ने त्रिपुरा को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए त्रिपुरा ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए। त्रिपुरा की ओर से तमन्ना निगम ने नाबाद 34 रनों का योगदान दिया। विदर्भ की ओर से मोना मेश्राम ने दो विकेट लिये। जवाब में विदर्भ ने 17 ओवरों में तीन विकेट खोकर 119 रन बनाते हुए आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। आयुषी ठाकरे ने शानदार 48 रन और मोना ने नाबाद 41 रन की अहम पारी खेली।



