एथलेटिक्स और साइकिलिंग की चल वैजयंती पर मेरठ जोन का कब्जा, बने 9 नए कीर्तिमान
प्रयागराज के आशीष और आगरा की निधि बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट

डीजीपी पीएसी आलोक सिंह ने विजेताओं को बांटे पुरस्कार
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 के अंतिम दिन मेरठ जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एथलेटिक्स और साइकिलिंग दोनों ही विधाओं के पुरुष व महिला वर्ग में सर्वाधिक अंक हासिल कर चल वैजयंती (चैंपियनशिप ट्रॉफी) पर अपना कब्जा जमा लिया। 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर लखनऊ के शहीद चंद्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में आयोजित इस पांच दिवसीय खेल महाकुंभ का शनिवार को भव्य समापन हुआ।
प्रतियोगिता के दौरान कुल 9 नए रिकॉर्ड बने, जिसमें 5 महिला खिलाड़ियों और 4 पुरुष खिलाड़ियों ने अपने नाम किए। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रयागराज जोन के आशीष पाल (1079 अंक) को सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट और आगरा जोन की निधि (1117 अंक) को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी घोषित किया गया। वहीं साइकिलिंग में मेरठ जोन के केशव शर्मा (18 अंक) सर्वोच्च पुरुष और मेरठ जोन की ही आरती (19 अंक) सर्वोच्च महिला साइक्लिस्ट रहीं।
अंतिम दिन हुए मुकाबलों में पुरुष मैराथन में पीएसी पश्चिमी जोन के रवि राघव (02:38:12.60 घंटे) प्रथम रहे, जबकि पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों की 4x400 मीटर रिले तथा महिलाओं की 4x100 मीटर रिले दौड़ में मेरठ जोन की टीमों ने स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा महिलाओं की ऊँची कूद में कानपुर जोन की तनु शर्मा (01.38 मीटर) और गोला फेंक में मेरठ जोन की शिखा पवार (13.30 मीटर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक पीएसी लखनऊ, श्री आलोक सिंह (आईपीएस) ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफियां व पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर खेल प्रेमी और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भारी संख्या में मौजूद रहे।



