राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिसकर्मियों ने ली सुरक्षा की शपथ

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर दक्षिणी जोन पुलिस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर सरदार पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। डीसीपी मोहम्मद मुश्ताक और एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद डीसीपी मोहम्मद मुश्ताक ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। राष्ट्रीय एकता दिवस देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का दायित्व है कि वे देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लिया। वहीं, मोहनलालगंज कोतवाली में एसीपी आरके सिंह ने प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। निगोहां थाने में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार तथा नगराम थाने में प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाकर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प दिलाया।



