सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर दी जान

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। विकासनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर (52) ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह शराब के नशे में बताए जा रहे हैं। परिजन उन्हें गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना विकासनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-सी सबौली की है। मृतक की पहचान संदीप सिंह (52) पुत्र जीत बहादुर सिंह के रूप में हुई है। वह श्रीराम सिक्योरिटी एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे।

उनकी पत्नी रानी सिंह इंदिरानगर में गर्ल्स हॉस्टल का संचालन करती हैं और वहीं रहती हैं। बेटियों में अंकिता (25) प्राइवेट नौकरी करती हैं, जबकि खुशी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। घटना के समय पत्नी और दोनों बेटियां घर पर मौजूद नहीं थीं। परिवार में पिता जीत सिंह और मां कृष्णा देवी भी हैं। मृतक के भाई प्रदीप सिंह के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे संदीप सिंह ने घर के कमरे में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी पर सटाकर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।

लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना रात 12:22 बजे डायल-112 के जरिए पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे से लाइसेंसी रिवॉल्वर और खून के निशान मिले। साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट (फोरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया। विकासनगर थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जा रहा है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। मौके पर कोई सुसाइड नोट नही मिला है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *