पुलिस से बेहतर समन्वय के लिए हल्का प्रभारी और चेतक पुलिस के नंबर रखें: एसपी सिटी

संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, आम जनता को मित्रवत व्यवहार का भरोसा
देहरादून। शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए पुलिस ने लोगों से स्थानीय पुलिसकर्मियों के संपर्क में रहने की अपील की है। एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने आम नागरिकों, दुकानदारों और वरिष्ठ नागरिकों से अपने क्षेत्र के हल्का प्रभारी और चेतक पुलिसकर्मियों के संपर्क नंबर सुरक्षित रखने को कहा है। एसपी सिटी ने कहा कि किसी भी घटना, समस्या या आपात स्थिति में लोग सबसे पहले अपने क्षेत्र के हल्का प्रभारी अथवा चेतक पुलिसकर्मियों से संपर्क कर सकते हैं। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। इससे समस्याओं का त्वरित समाधान करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस को आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। कांस्टेबल स्तर तक के पुलिसकर्मियों को भी लोगों के साथ संपर्क और समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया है। एसपी सिटी ने आमजन से पुलिस को अपना मित्र समझने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से अपराधों की रोकथाम तथा शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।



