मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए जिलेभर में विशेष कैंप, डीएम ने किया निरीक्षण
युवाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरने की अपील

पायनियर । जौनपुर
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम सूची में शामिल करना है। जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन. ने मड़ियाहूं क्षेत्र के विभिन्न मतदान स्थलों का निरीक्षण कर कैंप की व्यवस्थाओं और मतदाता पंजीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय पालीताला मड़ियाहूं, स्वामी विवेकानंद इंटरमीडिएट कॉलेज मड़ियाहूं, प्राथमिक विद्यालय फूलपुर पचोखर और प्राथमिक विद्यालय मदारपुर पचोखर में स्थापित मतदान स्थलों का निरीक्षण किया।
विशेष कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने-अपने मतदान स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 प्राप्त कर रहे थे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नागरिकों को पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फार्म-6 प्राप्त कर पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



