मैरिज हॉल में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

- तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद
पायनियर समाचार सेवा। हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना पुलिस ने शनि बाजार रोड स्थित हुसैनी बैंकट हॉल में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में अपराधों की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को हुसैनी बैंकट हॉल के संचालक मो. अमान ने बनभूलपुरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि हॉल के दोनों गल्ले तोड़कर करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा पीछे स्थित मैरिज हॉल से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे।
तहरीर के आधार पर बनभूलपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम ने सुरागरसी-पतारसी के बाद 27 सितंबर को गोला बायपास रोड पर हिमालयन स्कूल के सामने पुलिया के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. तौफीक (25) और मौ. मुस्तफा (26), निवासी बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से तीन ब्लू स्टार कंपनी के इन्वर्टर एसी आउटर और 15,600 रुपये बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, अपर उपनिरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल सुनील कुमार और दिलशाद अहमद शामिल रहे।



