पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। इटौंजा क्षेत्र में युवक की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह पारिवारिक रिश्तों में पनपा शक और अविश्वास निकला। आरोपी को संदेह था कि मृतक उसकी बहन पर गलत नजर रखता है। इसी रंजिश में उसने युवक को बहाने से गांव बुलाकर पहले शराब पिलाई और फिर प्लास्टिक स्ट्रैप से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को केले के खेत में फेंक दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लग सके।
डीसीपी उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मड़ियांव थाना क्षेत्र की इन्द्रपुरी कॉलोनी निवासी रामशंकर सिंह ने इटौंजा थाने में अपने 22 वर्षीय पुत्र सचिन सिंह की हत्या किए जाने की सूचना दी थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वाट,सर्विलांस और इटौंजा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज,मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर इटौंजा क्षेत्र के अकबरपुर निवासी बृजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बृजेश सिंह (26) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक सचिन सिंह रिश्ते में उसका भांजा लगता था और दोनों परिवारों के बीच लगातार आना-जाना था,उसको शक था कि सचिन उसकी बहन के प्रति गलत नीयत रखता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। आरोपी ने एक जून को सचिन को बहाने से गांव बुलाया। जहां उसे शराब पिलाई गई। नशे की हालत में होने पर गांव के बाहर स्थित बोरिंग के पास प्लास्टिक की बोरी से उसका गला कस दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पास के केले के खेत में फेंक दिया और घटना को छिपाने की कोशिश की,लेकिन पुलिस की सक्रिय जांच के चलते उसका राज ज्यादा दिनों तक नहीं छिप सका। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक की पट्टी(स्ट्रेप)भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर न्यायालय से उसे जेल भेज दिया गया।










