दो बच्चियों की शिक्षा और परवरिश का जिम्मा उठाएगी क्षत्रिय सेवा समिति

पायनियर । चन्दौली
विजयदशमी के अवसर पर क्षत्रिय सेवा समिति की ओर से अग्रवाल सेवा समिति परिसर में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षत्रिय समाज के लोगों ने विधि-विधान से शस्त्रों की पूजा कर वीरता, त्याग, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दिया। समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में चंदौली सहित आसपास के जनपदों और बिहार समेत विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोग शामिल हुए। इस अवसर पर समिति ने दो बच्चियों की शिक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी लेने के साथ ही दो बच्चों के अस्पताल का खर्च उठाने का संकल्प लिया।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज हमेशा कमजोरों की रक्षा और सभी के सम्मान के लिए तत्पर रहता है। शशि शंकर सिंह ने समाज में अमीर-गरीब की खाई मिटाने और सामाजिक हित में निरंतर कार्य करने पर जोर दिया। पत्रकार एवं विद्यालय प्रबंधक आनंद सिंह ने अपने विद्यालय में गरीब क्षत्रिय परिवारों के बच्चों की फीस माफ करने की घोषणा की। डॉ. डीपी सिंह ने समाज की क्षमताओं को पहचानने और कलम की ताकत को महत्व देने की बात कही।
कार्यक्रम में लल्ला सिंह, पवन सिंह,चहल, कैप्टन राजेश सिंह, डॉ. एके सिंह, डॉ. राजीव सिंह, राष्ट्रीय पहलवान रोहित सिंह और बबलू सिंह भृगुवंशी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। संचालन प्रमोद कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समिति के उपाध्यक्ष चंडी भूषण सिंह ने किया। क्षत्रिय सेवा समिति के संस्थापक सदस्य चहल सिंह रहे।



