आईडीपीएल गेट पर कांग्रेस के धरने के दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, पुलिस ने बमुश्किल संभाला मोर्चा

रजनी गोयल। ऋषिकेश
ऋषिकेश में आईडीपीएल सिटी गेट पर आयोजित कांग्रेस के धरना प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मामला उस वक्त बिगड़ गया जब धरने में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत को भाजपाई काले झंडे दिखाने के लिए धरना स्थल की ओर आगे बढ़े। तभी पुलिस ने भाजपाइयों को बापूग्राम गेट पर आगे बढ़ने से रोक दिया।
यह नजारा देखकर कांग्रेसी भी उग्र हो गए और उन्होंने सिटी गेट पर भाजपाइयों के काले झंडे दिखाने के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ ही देर में कांग्रेसी आगे बढ़ते हुए भाजपाइयों तक पहुंच गए। यहां दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। काफी देर तक गहमा-गहमी होती रही।
पुलिस दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को पीछे हटाने की कोशिश करती रही, लेकिन दोनों ही पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। करीब आधे घंटे तक उग्र होने के बाद पुलिस ने बामुश्किल दोनों पक्षों को पीछे हटाया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कई गंभीर आरोप लगाए।



