पुलिस मुठभेड़ में लूट के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, सिपाही घायल

जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, दो तमंचे और बिना नंबर की स्कूटी बरामद
बाराबंकी। रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम दुल्हदेपुर के पास पुलिस टीम ने बिना नंबर की स्कूटी सवार दो संदिग्धों को घेरा तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से आरक्षी अभिषेक घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सीतापुर जनपद के सिद्धौली निवासी राहुल दीक्षित (25 हजार रुपये इनामी) और बाराबंकी के रामसनेहीघाट क्षेत्र निवासी सौरभ कुमार वर्मा (15 हजार रुपये इनामी) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से .315 और .12 बोर के दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त काली स्कूटी बरामद की है। घायल सिपाही और दोनों बदमाशों को उपचार के लिए सीएचसी रामसनेहीघाट भेजा गया।



