यूपी में 11 अधिकारियों के तबादले, संजय कुमार यादव बने लखनऊ नगर निगम के अपर नगर आयुक्त
दुर्गेश यादव को फतेहपुर से राहत आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है।

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। 11 अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई तैनाती दी गई है। राज बहादुर को हाथरस से अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), बुलंदशहर बनाया गया है, जबकि संजय कुमार यादव को एसडीएम लखनऊ से अपर नगर आयुक्त, नगर निगम लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दुर्गेश यादव को फतेहपुर से राहत आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। शशि कुमार को राहत आयुक्त कार्यालय से एसडीएम फतेहपुर भेजा गया है, जबकि सुशील कुमार सिंह को मथुरा से एसडीएम फतेहपुर की जिम्मेदारी दी गई है। हेमंत कुमार चौधरी को पीलीभीत से राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। मांधाता प्रताप सिंह को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से एसडीएम पीलीभीत भेजा गया है। मयंक गोस्वामी को एसडीएम पीलीभीत से बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी), लखनऊ बनाया गया है, जबकि अजय कुमार को चकबंदी मुख्यालय लखनऊ से एसडीएम पीलीभीत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अमित कुमार-द्वितीय को सहकारी चीनी मिल संघ से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), रायबरेली बनाया गया है। वहीं, अशोक कुमार गुप्ता को रायबरेली से उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ का प्रधान प्रबंधक नियुक्त किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल से कई जिलों और विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।



