क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 3.60 लाख उड़ाए

बैंककर्मी बनकर किया फोन, एपीके फाइल डाउनलोड कराकर मोबाइल किया हैक, चार बार में निकाली रकम
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। गुडंबा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी सत्य प्रकाश श्रीवास्तव साइबर ठगी का शिकार हो गए। जालसाज ने खुद को एसबीआई का बैंककर्मी बताकर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया। इसके बाद मोबाइल पर एपीके फाइल डाउनलोड कराकर फोन हैक कर लिया और क्रेडिट कार्ड से चार बार में 3.60 लाख रुपए पार कर दिए। पीड़ित के मुताबिक, गत 25 अगस्त की शाम करीब 7:31 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए एसबीआई क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की बात कही।
उसकी बातों में आकर पीड़ित ने बताए गए निर्देशों का पालन किया। इस दौरान उनके मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड कराई गई। इसके बाद जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड से 90-90 हजार रुपए की चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर कुल 3.60 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने गत 28 अक्टूबर को गुडंबा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में गुडंबा थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साइबर ठगी से जुड़े मोबाइल नंबर और लेनदेन का विवरण खंगाला जा रहा है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



