एयरपोर्ट पर श्रमिक संवाद के पहले संस्करण का आयोजन

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर चेयरमैन के विजन ‘अपनी बात अपनों के साथ’ के तहत श्रमिकों से सीधा संवाद स्थापित करने और उनके कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘श्रमिक संवाद’ के प्रथम संस्करण का आयोजन किया गया। इसके पहले चरण में करीब 300 श्रमिकों ने हिस्सा लिया। एयरपोर्ट प्रशासन ने चरणबद्ध तरीके से इस पहल के जरिए लगभग चार हजार श्रमिकों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।कार्यक्रम में श्रमिकों को भविष्य निधि (पीएफ), पारदर्शी वेतन भुगतान, बैंक खाते की अनिवार्यता, क्रोनोस प्रणाली से डिजिटल उपस्थिति दर्ज करने और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी गई।
साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच और कर्मचारी कल्याण से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। श्रमिकों को अपनी समस्याएं रखने और संबंधित अधिकारियों से सीधे सवाल-जवाब करने का अवसर मिला। इसके अलावा ईएसआईसी जागरूकता के दो सत्र आयोजित किए गए। एयरपोर्ट हेल्थ ऑर्गनाइजेशन के सहयोग से स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन हुआ, जिसमें आयुर्वेद, होम्योपैथी और एलोपैथी के चिकित्सकों ने श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। एयरपोर्ट प्रशासन का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक बनाना है।



