योगी सरकार के स्वच्छ भारत मिशन को पलीता लगा रही कांशीराम कॉलोनी
लालपुर स्टेडियम-भसड़िया रोड पर सड़क नहीं, कूड़े का दरिया! शौचालय होते हुए खुले में शौच, ओ.डी.एफ की उड़ रही धज्जियां

लखीमपुर-खीरी। योगी सरकार एक तरफ स्वच्छ भारत, ओ.डी.एफ प्लस और गौवंश संरक्षण का डंका पीट रही है, तो दूसरी तरफ सरकारी मुफ्त आवास पाने वाले ही सरकार की मंशा पर पलीता लगा रहे हैं। लालपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, भसड़िया रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी, निकट जल निगम ग्रामीण कार्यालय की तस्वीर देखकर आप दांतों तले उंगली दबा लेंगे। यहां सड़क नहीं, बल्कि कूड़े का दरिया बह रहा है। मुफ्त में मिले आवासों की कदर न कर निवासी घर का कचरा सड़क किनारे फेंककर पूरी कॉलोनी को कूड़ाघर बना रहे हैं।
इसी जहरीले कूड़े में बेजुबान गौवंश पॉलीथिन युक्त भोजन तलाशने को मजबूर है, तो वहीं घरों में शौचालय होते हुए भी लोग खुले में शौच को जा रहे हैं, जिससे सरकार के ओडीएफ अभियान पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी के निवासी ही सड़क किनारे कूड़ा-करकट डालकर गंदगी फैला रहे हैं। पूरी सड़क पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। नगर पालिका प्रशासन लखीमपुर की गाड़ी नियमित नहीं आती।
संबंधित लोगों से मौखिक शिकायत की गई, लेकिन वे कान में तेल डाले हुए हैं और निरंकुश रवैया अपनाए हुए हैं। कचरे से उठती दुर्गंध से बीमारियां फैलने का खतरा है।
सबसे चिंताजनक तस्वीर गौवंश की है। सड़क किनारे पड़े कूड़े में गायें पॉलीथिन युक्त कचरा खाती देखी जा सकती हैं। वहीं, आवासों में शौचालय होने के बावजूद कुछ निवासियों द्वारा बाहर खुले में शौच जाने से ओडीएफ अभियान की पोल खुल रही है। कॉलोनी के निवासियों का भौतिक सत्यापन जरूरी है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि डूडा और नगर पालिका की संयुक्त टीम से सत्यापन कराया जाए, नियमित सफाई कराई जाए और कूड़ा फेंकने व खुले में शौच करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।



