बद्रीनाथ हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला यात्री की मौत, 16 घायल

ज्योतिर्मठ। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के सुबह ज्योतिर्मठ के पास पैनी नामक स्थान पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाजियाबाद से बद्रीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय वाहन में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार ने बताया कि हादसे में 16 लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि आरती (44 वर्ष) नामक महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

ज्योतिर्मठ थाना प्रभारी डी.एस. रावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि सभी यात्री गाजियाबाद से बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे।

पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन ने यात्रियों से पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Report-सोनू उनियाल

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *