पीलीभीत में उफनाई शारदा और देवहा, बाढ़ की आशंका पर प्रशासन ने निचले इलाकों में बढ़ाई निगरानी

पीलीभीत। लगातार हो रही बारिश और नदियों में बढ़े जलप्रवाह के चलते जिले में शारदा और देवहा नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ाते हुए राहत एवं बचाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। संभावित खतरे को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में बाढ़ चौकियों और कम्युनिटी किचन को सक्रिय कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहते हुए किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। डीएम ने बताया कि वर्तमान में नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे कम होना शुरू हो गया है, लेकिन प्रशासन किसी भी स्थिति को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरत रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व विभाग की टीम और लेखपालों को तहसील स्तर पर सक्रिय कर दिया गया है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर नदी किनारे के गांवों तथा संवेदनशील स्थानों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे नदी किनारे जाने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें। किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें। राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें भी पूरी तरह सक्रिय हैं। डीएम ने दावा किया है कि बाढ़ जैसी किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है।



