देहरादून पुलिस में बड़ा फेरबदल, 28 दरोगाओं के कार्यक्षेत्र बदले

देहरादून। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए देहरादून पुलिस में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल ने 28 उप निरीक्षकों (दरोगाओं) के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। देर रात जारी तबादला सूची में कई थानों के वरिष्ठ उप निरीक्षकों के साथ ही विभिन्न चौकियों के प्रभारी भी बदले गए हैं। सभी पुलिस अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार विवेक भंडारी को आशारोड़ी चौकी से सहसपुर में वरिष्ठ उप निरीक्षक बनाया गया है। संदीप पंवार को कालसी चौकी प्रभारी से सेलाकुई में वरिष्ठ उप निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। अश्वनी बलोनी को आराघर चौकी से ऋषिकेश की त्रिवेणीघाट चौकी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि त्रिवेणीघाट से विनेश कुमार को आराघर चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसी तरह रविंद्र नेगी को एसएसपी कैंप कार्यालय से हर्रावाला चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा कुठालगेट, मयूर विहार, लालतप्पड़, श्यामपुर और बालावाला चौकियों के प्रभारियों में भी बदलाव किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले महीने भी जिले में 19 उप निरीक्षकों और दो सहायक उप निरीक्षकों (एएसआई) के कार्यक्षेत्र बदले गए थे। उस सूची में दुर्गेश कोठियाल को बसंत विहार से कैंट, जबकि ओमप्रकाश को कैंट से बसंत विहार भेजा गया था। मनोहर सिंह रावत को डोईवाला से नेहरू कॉलोनी और मुकेश थलेड़ी को आईएसबीटी ऋषिकेश से पटेलनगर भेजा गया था। प्रवीण पुंडीर को सहसपुर से पटेलनगर में तैनाती दी गई थी।
वहीं, एएसआई देवेंद्र नेगी को पुलिस लाइन से पटेलनगर और एएसआई मनमोहन को पुलिस लाइन से क्लेमेंटटाउन भेजा गया था। एसएसपी के अनुसार पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।



