राज्य एथलेटिक्स: पहले दिन लखनऊ की अग्रिमा ने जीता रजत पदक

पायनियर,लखनऊ। गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में रविवार से शुरू हुई 61वीं उत्तर प्रदेश राज्य जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में लखनऊ की अग्रिमा भटनागर ने बालिका 18 वर्ष आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया। बालिका 18 वर्ष 100 मीटर स्पर्धा में अग्रिमा भटनागर ने 13.02 सेकेंड में दौड़ पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ग में आगरा की करिश्मा (12.42 सेकेंड) को पहला और हापुड़ की माही शर्मा (13.17 सेकेंड) को तीसरा स्थान मिला। यूपी एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस तीन दिवसीय चैंपियनशिप में प्रदेश के 67 जिलों के 1459 खिलाड़ी 135 स्पधाओंं में हिस्सा ले रहे हैं। इस चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी 23 से 27 अक्टूबर 2026 तक चेन्नई में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उद्घाटन पर स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य, यूपी एथलेटिक एसोसिएशन (लखनऊ) के सचिव बी. राम वरुण, प्रयागराज के सचिव रुस्तम खान, सिलेक्शन कमेटी के सदस्य डोरी लाल शर्मा और तकनीकी कमेटी के अध्यक्ष अनु कुमार समेत कई खेल अधिकारी मौजूद रहे।



