करवा चौथ मनाने ससुराल जा रहे युवक की हादसे में मौत

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। करवा चौथ मनाने ससुराल जा रहे बाइक सवार मैकेनिक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। माल के गोपरामऊ और बीघापुर गांव के बीच अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर घिसटती हुई बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे एंबुलेंस से ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक, दुबग्गा क्षेत्र के कटौली निवासी अमरजीत यादव (25) ट्रक के इंजन का मैकेनिक था।
उसके छोटे भाई अभय ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे अमरजीत बाइक से माल क्षेत्र के नारायनपुर गांव स्थित अपनी ससुराल करवा चौथ मनाने जा रहा था। रास्ते में गोपरामऊ और बीघापुर गांव के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई और बिजली के पोल से टकरा गई।
हादसे में अमरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया गया कि हादसे के समय अमरजीत ने हेलमेट नहीं पहना था।अमरजीत की मौत से पत्नी सोनिका और पांच साल के बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया। जिस घर में करवा चौथ की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां मातम छा गया।



