वाराणसी की ऋत्विका सिंह ने बनाया नया कीर्तिमान, मेरठ जोन का एकछत्र दबदबा जारी
74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता के चौथे दिन खिलाड़ियों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर लखनऊ के शहीद चन्द्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल में चल रही 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर (एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग) प्रतियोगिता-2026 के चौथे दिन खिलाड़ियों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। शुक्रवार के दिन का सबसे बड़ा मुख्य आकर्षण महिला वर्ग की हेप्टाथलान स्पर्धा रही, जिसमें वाराणसी जोन की ऋत्विका सिंह ने 4570 अंकों के साथ नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वाराणसी जोन की ही रिया उपाध्याय दूसरे और मेरठ जोन की कामिनी तीसरे स्थान पर रहीं। चौथे दिन अधिकांश स्पर्धाओं में मेरठ जोन का एकछत्र दबदबा देखने को मिला, जहां उनके खिलाड़ियों ने कई विधाओं में शीर्ष स्थान हासिल किए।
महिला वर्ग की अन्य प्रतियोगिताओं में भी मेरठ और आगरा के एथलीटों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 5000 मीटर महिला दौड़ फाइनल में आगरा जोन की मनोराम ने प्रथम स्थान पाया, जबकि लखनऊ जोन की नीतू कुमारी दूसरे और प्रयागराज जोन की शिल्पी यादव तीसरे स्थान पर रहीं। 80 माइकिलोमीटर साइकिलिंग महिला फाइनल के तीनों स्थानों पर मेरठ जोन का पूरा कब्जा रहा, जिसमें बुलबुल पहले, आरती दूसरे और रुचिका तीसरे स्थान पर रहीं। महिला भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) फाइनल में मेरठ जोन की मन्नू ने 41.60 मीटर थ्रो के साथ प्रथम और मेरठ की ही आरती ने दूसरा स्थान हासिल किया। 1500 मीटर महिला फाइनल में मेरठ जोन की काजल शर्मा ने पहला, लखनऊ की स्नेहलता ने दूसरा और प्रयागराज की प्रेमलता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर महिला फाइनल में मेरठ जोन की प्रियंका सिकरवार प्रथम और योगेश कुमारी द्वितीय रहीं, जबकि वाराणसी की सुषमा यादव तीसरे स्थान पर रहीं। महिला लंबी कूद फाइनल में आगरा जोन की निधि ने 6.17 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि वाराणसी की शिवांगी दुबे दूसरे और मेरठ की खुशबू शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त 4 x 400 मीटर मिक्स रिले के रोमांचक मुकाबले में मेरठ जोन (नदीम, गौरव भारती, दीपा, शैली धामा) ने प्रथम, वाराणसी जोन ने द्वितीय और बरेली जोन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लंबी कूद पुरुष फाइनल में लखनऊ जोन के मो शाहरूख अव्वल
पुरुष वर्ग की स्पर्धाओं में भी मेरठ और लखनऊ जोन के खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। 5000 मीटर पुरुष दौड़ में मेरठ जोन के प्रिंस कुमार ने पहला, वाराणसी के शिवम यादव ने दूसरा और पीएसी पश्चिमी जोन के शीशपाल ने तीसरा स्थान हासिल किया। 100 किलोमीटर साइकिलिंग के कड़े मुकाबले में मेरठ जोन के वीरेश ने प्रथम स्थान झटका, जबकि कानपुर जोन के संतोष सिंह दूसरे और मेरठ के केशव शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद पुरुष फाइनल में लखनऊ जोन के मो० शाहरूख ने 06.43 मीटर कूदकर पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं गोरखपुर के अंकित सिंह दूसरे और आगरा के अर्जुन पवार तीसरे स्थान पर रहे। 1500 मीटर पुरुष फाइनल में लखनऊ जोन के सूरज यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि मेरठ के प्रिंस कुमार दूसरे और प्रयागराज के आशीष पाल तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर पुरुष फाइनल में मेरठ के मोहित प्रथम, लखनऊ के रवीन्द्र पासवान द्वितीय और मेरठ के वासुदेव तृतीय स्थान पर रहे। पुरुष भाला फेंक फाइनल में मेरठ के ऋषभ नेहरा ने 65.71 मीटर की दूरी तय कर प्रथम स्थान पाया, जबकि बरेली के आशू तोमर दूसरे और मेरठ के आगेश पवार तीसरे स्थान पर रहे। अंत में पुरुषों की डेकाथलॉन स्पर्धा में मेरठ जोन के हिमांशु यादव 4326 अंकों के साथ पहले और मेरठ के ही लविश कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि पीएसी पश्चिमी जोन के आकाश कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।



