कप्तान ने यह भी स्वीकार किया कि पिछले सत्र में टीम की गेंदबाजी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही थी और उसमें सुधार की सख्त जरूरत थी।
लखनऊ(खेल संवाददाता पायनियर)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र से पहले लखनऊ टीम अपनी कमजोरियों को दूर करने में जुटी है। पिछले सीजन में जहां टीम की गेंदबाजी सबसे बड़ी चिंता बनी रही, वहीं इस बार कोचिंग स्टाफ में अनुभवी गेंदबाजी कोच भरत अरुण के शामिल होने से इस विभाग में मजबूती की उम्मीद बढ़ गई है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने भी माना है कि अरुण के आने से गेंदबाजों को काफी फायदा मिल रहा है।
जियोस्टार से बातचीत में ऋषभ पंत ने बताया कि चेन्नई में आयोजित टीम के प्रशिक्षण शिविर में तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और इस दौरान भरत अरुण का मार्गदर्शन बेहद उपयोगी साबित हुआ। पंत ने कहा कि तेज गेंदबाजों के साथ शिविर बहुत अच्छा रहा। भरत सर के आने से हमें काफी मदद मिल रही है। हमने इस पर विस्तार से चर्चा की है कि मैं गेंदबाजों से क्या अपेक्षा रखता हूं और वह इस दिशा में कैसे योगदान दे सकते हैं।
पंत ने आगे कहा कि भरत अरुण दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजी कोचों में से एक हैं और उनके साथ काम करने का अनुभव टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उनके पास अपार अनुभव है और गेंदबाजों को उन पर पूरा भरोसा है। खिलाड़ी उनसे खुलकर बात करते हैं, जो किसी भी गेंदबाजी कोच के लिए सबसे जरूरी होता है।
कप्तान ने यह भी स्वीकार किया कि पिछले सत्र में टीम की गेंदबाजी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही थी और उसमें सुधार की सख्त जरूरत थी। उन्होंने कहा, अगर हम पिछले सीजन पर नजर डालें तो साफ है कि हमें गेंदबाजी में सुधार करना था। भरत सर इस कमी को दूर करने में हमारी मदद कर सकते हैं और मुझे खुशी है कि वह अब टीम का हिस्सा हैं।
टीम के माहौल को लेकर भी पंत ने दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने खुद को ड्रेसिंग रूम का सबसे मजाकिया खिलाड़ी बताते हुए कहा कि तनावपूर्ण परिस्थितियों में हल्का माहौल बनाए रखना बेहद जरूरी होता है। पंत ने कहा,मुझे लगता है कि हंसी-मजाक हर किसी को पसंद होता है, क्योंकि क्रिकेट का माहौल पहले से ही काफी दबाव वाला होता है। अगर आप ज्यादा तनाव में रहेंगे तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि टीम के खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ समय बिताने का आनंद लेते हैं और सकारात्मक माहौल टीम के प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाता है। कुल मिलाकर, लखनऊ टीम इस बार संतुलित तैयारी और मजबूत गेंदबाजी के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार नजर आ रही है।









