डॉ. नवनीत सहगल ने किया लखनऊ वुमन्स क्रिकेट लीग की ट्रॉफी और लोगो का अनावरण

- 23 सितम्बर से होगा आगाज, 28 को फाइनल; छह टीमों के बीच होंगे 12 मुकाबले
- शुक्रवार को खिलाड़ियों की नीलामी, विजेता को दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि
लखनऊ, पायनियर। नवाबी नगरी में पहली बार आयोजित होने जा रही लखनऊ वुमन्स क्रिकेट लीग की चमचमाती ट्रॉफी और लोगो का गुरुवार को बीबीडी बैडमिंटन अकादमी के सभागार में अनावरण किया गया। ट्रॉफी और लोगो का अनावरण क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) के अध्यक्ष एवं लीग चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल तथा सचिव केएम खान ने किया। लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी शुक्रवार को होगी।डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि लखनऊ की महिला क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का मंच देने के उद्देश्य से यह लीग शुरू की जा रही है। पहली बार पेशेवर अंदाज में महिला खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि छह टीमों के बीच होने वाली लीग का आगाज 23 सितम्बर को होगा, जबकि फाइनल 28 सितम्बर को खेला जाएगा। कुल 12 मुकाबलों में करीब 140 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। शुरुआती मुकाबले गोमती रिवर फ्रंट स्थित सेज क्रिकेट मैदान पर होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल केडी सिंह बाबू स्टेडियम में फ्लडलाइट में खेले जाएंगे।लीग के माध्यम से स्थानीय महिला खिलाड़ियों को डे-नाइट टी-20 क्रिकेट का अनुभव मिलेगा। साथ ही उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच उपलब्ध होगा।

रेटिंग खिलाड़ियों को 10 से 25 हजार रुपये
लीग में रेटिंग खिलाड़ियों को 10 से 25 हजार रुपये तक दिए जाएंगे। इनमें इंडिया-ए के लिए खेल चुकीं चांदनी शर्मा के अलावा ऑलराउंडर संध्या यादव, सोनाली सिंह, आरजू सिंह, अन्वेषा चटर्जी, बल्लेबाज अंशू तिवारी, शशिबालन, प्रियांशी यादव, प्रियांशी पाण्डेय, आयुषी श्रीवास्तव तथा गेंदबाज शिल्पी और संध्या क्षेत्री शामिल हैं। अन्य खिलाड़ियों का बेस प्राइज उनके स्तर के अनुसार तीन से पांच हजार रुपये रखा गया है।लीग में लखनऊ वारियर्स, लखनऊ चैलेंजर्स, रहीमाबाद रायल्स, लखनऊ नवाब्स क्वीन, लखनऊ शेरनीज और सेज फाल्कन की टीमें हिस्सा लेंगी।
विजेता को दो लाख, उपविजेता को डेढ़ लाख मिलेंगे
क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) के अध्यक्ष एवं लीग चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया लीग की विजेता टीम को दो लाख रुपये और उपविजेता टीम को 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्लेयर ऑफ द सीरीज को 10 हजार, जबकि पर्पल कैप और ऑरेंज कैप विजेता को 15-15 हजार रुपये मिलेंगे। प्लेयर ऑफ द मैच को दो हजार रुपये दिए जाएंगे।
20 ओवर का होगा मुकाबला
सभी मुकाबले 20-20 ओवर के होंगे। छह ओवर का पावरप्ले रहेगा। स्कोर बराबर होने पर सुपर ओवर के जरिए परिणाम निकाला जाएगा। लीग चरण के बाद शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और सेमीफाइनल की विजेता टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा। इस मौके पर सीएएल सचिव केएम खान, लीग कमिश्नर एसपी मिश्रा, आयोजन सचिव एवं डिप्टी कमिश्नर प्रियंका शैली, आयोजन समिति अध्यक्ष पीयूष पाण्डेय, संयुक्त सचिव नईम चिश्ती, वित्त समिति के राकेश सिंह सहित आयोजन समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिस्सा लेने वाली टीमें और उनके मालिक
- लखनऊ वारियर्स- खुशबू, दिबेश एवं मनीष
- लखनऊ चैलेंजर्स- प्रदीप मिश्रा
- रहीमाबाद रायल्स- साद खान
- लखनऊ नवाब्स क्वीन- शम्स तबरेज
- लखनऊ शेरनीज- आरिफ हसन
- सेज फाल्कन- बृजेश यादव



