ब्रजेश की तूफानी 95 रन की पारी से एलसीए क्रिकेट एकेडमी ने आरएसजी को 127 रन से हराया
प्रथम स्व. अंडर-19 मोहम्मद नवाब मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मैन ऑफ द मैच ब्रजेश की तूफानी 95 रन की पारी की बदौलत लखनऊ क्रिकेट एकेडमी (एलसीए) ने प्रथम स्व. अंडर-19 मोहम्मद नवाब मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में आरएसजी जूनियर एकेडमी को 127 रन से करारी शिकस्त दी।
एलडीए स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में एलसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। टीम की ओर से ब्रजेश ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 44 गेंदों पर आठ चौकों और छह छक्कों की मदद से 95 रन बनाए। वहीं, विपिन साहनी ने 51 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 52 रन की पारी खेली। इसके अलावा लबिब रजा ने 20, मोहित सिंह ने 14 और नियाज हैदर ने नाबाद सात रन बनाए।
जवाब में आरएसजी जूनियर एकेडमी की टीम एलसीए के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 22.3 ओवर में 89 रन पर सिमट गई। आरएसजी की ओर से अयुष प्रियंम ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।
एलसीए से दीपक ने चार ओवर में आठ रन देकर दो विकेट हासिल किए। नियाज हैदर, कप्तान आयुष पटेल और अरुण जायसवाल ने भी दो-दो विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद रेहान और अहसान को एक-एक सफलता मिली। इस तरह एलसीए ने मुकाबला 127 रन से अपने नाम कर लिया।



