घटना में प्रयुक्त आटो व एक अवैध तंमचा व एक जिंदा व दो खोखा कारतूस हुए बरामद
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। निगोहां पुलिस ने पांच दिन पहले आटो में सवार शापिगं माल में काम करने वाली युवती को जगंल में ले जाकर रेप करने के आरोपी आटो चालक को गुरूवार की देर रात रमादाईखेड़ा जाने वाले मार्ग के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही डीसीपी व एडीसीपी समेत एसीपी मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। घायल चालक को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना में प्रयुक्त आटो समेत एक अवैध तमंचा व एक खोखा व दो जिंदा कारतूस पुलिस ने बरामद किया। वहीं फरार साथी की पुलिस ने तलाश तेज कर दी है।डीसीपी अमित कुमार आनन्द ने बताया निगोहां क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने बीते सोमवार को पुलिस से शिकायत करते हुए बताया था कि वो पीजीआई के तेलीबाग स्थित एक शापिंग माल में नौकरी करती है बीते माह की 31मई की शाम साढे सात बजे वो ड्यूटी खत्म होने पर तेलीबाग से आटो से घर जाने के लिये निकली थी।
जहां आटो में बैठी सवारियां रास्ते में उतर गई थी। जिसके बाद चालक व उसका साथी आटो में बचा था। निगोहां क्षेत्र के मदापुर मंदिर चौराहे से गौतमखेड़ा जाने वाले मार्ग की ओर चालक ने अचानक से आटो को मोड़ दिया तो उसने विरोध जताया। जिसके बाद चालक ने युवती से कहा कि मुझे आगे गांव में काम है बस किसी से मिलकर चल रहा। जिसके बाद चालक ने तेज रफ्तार में आटो को भगाते हुए गौतमखेड़ा के जगंल में ले जाकर आटो सड़क किनारे खड़ा कर दिया। जहां उसे डरा धमकाकर जगंल मे ले जाकर जबरन रेप किया था। अचानक से सड़क पर एक कार को आता देख चालक अपने साथी समेत आटो लेकर मौके से भाग निकला था। जिसके बाद पीड़िता ने सड़क पर आकर कार चालक से मदद मंगाते हुए पूरी घटना बताई ओर कार चालक के मोबाइल से अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी थी।
जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन डरी सहमी बेटी को चुपचाप घर लेकर चले गये थे। घटना के अगले दिन गत एक जून को पीड़ित युवती ने हिम्मत जुटाकर परिजनो संग निगोहां थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत कर आरोपी अज्ञात चालक पर कार्यवाही की मांग की थी। इसके आलावा पीड़िता की तहरीर पर आरोपी अज्ञात आटो चालक पर रेप का मुकदमा दर्ज कर थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी के नेतृत्व में सर्विलांस व पुलिस की कई टीमो को आरोपी व उसके साथी की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। जिसके बाद तेलीबाग से लेकर घटना वाले रूप व भगाने वाले रास्ते की सैकड़ो सीसीटीवी फुटेज खगांलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आटो चालक की पहचान उपदेश लोधी निवासी रंजीतखेड़ा मजरा वीरसिंहपुर थाना निगोहां के रूप मे करते हुये गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई थी।
सर्विलांस व पुलिस की संयुक्त टीमें गुरूवार को आरोपी चालक की तलाश कर रही थी तभी मुखबिर खास ने घटना करने वाले चालक उपदेश के निगोहां के कुशमौरा के रमादाईखेड़ा जाने वाले रास्ते के जगंल में छुपे होने की सूचना दी। जिसके बाद जगंल की घेराबंदी की तो आरोपी चालक पुलिस पर तमंचे से फायर झोक कर आटो लेकर मौके पर भगाने लगा। जिसके बाद पुलिस द्वारा की गई जबाबी फायरिंग में चालक उपदेश के बायें पैर में गोली लगी और उसका आटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। जिसके बाद पुलिस ने घायल चालक उपदेश को इलाज के लिए मोहनलालगंज सीएचसी भेजा।
मुठभेड़ की सूचना पाकर डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनन्द व एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार व एसीपी ज्ञानेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। डीसीपी अमित कुमार ने बताया घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रानिक आटो व 315बोर का तमंचा एक जिंदा व दो खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने बताया आरोपी के ऊपर रायबरेली जनपद के महाराजगंज थाने में एक मासूम की चाकू से गला रेतकर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज मिला है। मुठभेड़ में पकड़े गये आरोपी चालक ने घटना में शामिल अपने साथी का नाम मोहित लोधी बताया जिसके बाद पुलिस टीमें उसकी तलाश में लग गई है। फारेसिंक एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच के लिये सैम्पल लिए।










