अनन्या जैन और शताक्षी चौधरी सेमीफाइनल में, एकल में कायम रखी यूपी की चुनौती
25वीं आरएस सागर मेमोरियल ऑल इंडिया महिला प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में एकल में तीसरी वरीय यूपी की अनन्या जैन ने पांचवीं वरीय यूपी की शगुन को 6-0, 7-5 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। तीसरी वरीय अनन्या जैन व पांचवीं वरीय शताक्षी चौधरी ने 25वीं आरएस सागर मेमोरियल ऑल इंडिया महिला प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में जीत के साथ एकल सेमीफाइनल में जगह बनाई और यूपी की चुनौती कायम रखी। वहीं दिल्ली की रेहा अरोरा ने लगातार दूसरा उलटफेर करते हुए अंतिम चार में स्थान सुरक्षित किया।
उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में बुधवार को एकल और युगल क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए।
एकल में तीसरी वरीय यूपी की अनन्या जैन ने पांचवीं वरीय यूपी की शगुन को 6-0, 7-5 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। अनन्या ने पहले सेट में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और शगुन को एक भी गेम नहीं जीतने दिया। दूसरे सेट में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला रहा, लेकिन अहम मौकों पर बेहतर खेल दिखाते हुए अनन्या ने सेट अपने नाम कर मैच जीत लिया।
वहीं चौथी वरीय यूपी की शताक्षी चौधरी ने आठवीं वरीय असम की स्निग्धा को तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में 3-6, 6-0, 6-2 से हराया। पहले सेट में स्निग्धा ने बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद शताक्षी ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे सेट में एक भी गेम नहीं गंवाया और खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया। निर्णायक सेट में भी शताक्षी ने लय कायम रखते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
अन्य क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीय दिल्ली की लक्ष्मी गौड़ा ने ओडिशा की कृष्णा राज को 7-5, 6-0 से हराया। वहीं दिल्ली की रेहा ने दूसरी वरीय राजस्थान की आयुषी तंवर को 7-5, 6-3 से हराकर उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। रेहा ने इससे पहले प्री क्वार्टर फाइनल में छठी वरीय भूमिका को हराकर उलटफेर किया था।
आइरा-नव्या ने चौथी वरीय जोड़ी को हराकर किया उलटफेर
युगल मुकाबलों में भी यूपी की धाक दिखी। क्वार्टर फाइनल में यूपी की आइरा और मध्य प्रदेश की नव्या की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चौथी वरीय गुजरात की माही और दिया की जोड़ी को हराकर उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आइरा और नव्या ने पहला सेट गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मुकाबला 2-6, 6-0, 10-7 से अपने नाम किया। इस जोड़ी ने तीसरा सेट सुपर टाईब्रेक में अपने नाम किया।
एक अन्य मुकाबले में यूपी की शगुन और इरम की जोड़ी ने यूपी की प्राइशा और झारखंड की आकृति को 6-4, 6-2 से हराया। वहीं दूसरी वरीय यूपी की शताक्षी और सौमित्रा ने असम की नम्रता और ओडिशा की कृष्णा को 6-1, 6-3 से शिकस्त देकर अंतिम चार में प्रवेश किया।



