तीन किलो से अधिक अफीम के साथ 6 अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार, निघासन पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पायनियर संवाददाता। निघासन-खीरी
निघासन कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 24 ग्राम अवैध अफीम के साथ छह अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये तथा भारतीय बाजार में लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार सहतेपुरवा मोड़ पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन सवार युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी छह आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार से दो पैकेटों में रखी 3 किलो 24 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। साथ ही आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार सभी आरोपी तिकुनिया क्षेत्र के निवासी हैं।
क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तस्करी गिरोह के तार पंजाब, बिहार और इंडो-नेपाल बॉर्डर से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को निघासन पुलिस की नशा तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है।










