दर्दनाक सड़क हादसे में पत्नी की मौत,पति की हालत गंभीर

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। महिंगवा थाना अंतर्गत इटौंजा-कुर्सी मार्ग पर बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सड़क पर फर्राटा भर रहे एक बेकाबू ट्रक ने साईकिल सवार दंपति को पीछे से ऐसी टक्कर मारी कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।महिंगवा थाना क्षेत्र के ग्राम नुहरीपुरवा,पोस्ट नरोसा निवासी अजय सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार उनके चचेरे भाई मंशाराम अपनी पत्नी रामप्यारी के साथ साईकिल से कुम्हरावा से अपने घर लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी साईकिल इटौंजा-कुर्सी मार्ग पर बीरपुर गांव के पास पहुंची,तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक संख्या (यूपी 23 टी 4548) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि दंपति सड़क पर जा गिरे। इस दौरान महिला रामप्यारी ट्रक के पहिए की चपेट में आ गई और उसके सिर के ऊपर से पहिया गुजर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मंशाराम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी,जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि ट्रक चालक लापरवाही और अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था। यदि चालक सावधानी बरतता तो एक परिवार की खुशियां उजड़ने से बच सकती थीं। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है,जबकि घायल पति की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर संबंधित विधिक कार्रवाई में लगी हुई थी।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *