पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ । मड़ियांव थाना क्षेत्र के भरतनगर मे बीकॉम के एक 24 वर्षीय छात्र ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अस्पताल से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस की जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ग्राम मोहसंड थाना कुर्सी, जनपद बाराबंकी का निवासी महेंद्र कुमार (24) पुत्र देवी प्रसाद, मड़ियांव के भरतनगर में अपने भाई के साथ किराए के कमरे में रहता था।
वह बीकॉम का छात्र था। मंगलवार दोपहर उसने कमरे में पंखे के कुंडे से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। आनन-फानन में उसे बीकेटी स्थित सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया। जहां दोपहर करीब 3.30 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से प्राप्त डेथ मेमो के आधार पर मड़ियांव पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानन्द मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है कि छात्र ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।










