पीलीभीत। गाजियाबाद में बकरीद के दिन हुए चर्चित हत्याकांड ने गाजियाबाद समेत पूरे प्रदेश को हिला दिया था। सूर्य प्रताप सिंह चौहान की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पीलीभीत शहर के दो युवक फरहान और आतिफ को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बुजकसाबान में शनिवार को गाजियाबाद पुलिस की टीम ने पीलीभीत पहुंचकर आरोपियों के घरों की छानबीन की और परिजनों से पूछताछ की। अचानक हुई इस कार्रवाई से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। लोगों को यकीन ही नहीं हो रहा कि उनके बीच रहने वाले युवक इतने बड़े अपराध में शामिल हो सकते हैं।
आरोपियों में फरहान पर हत्या में इस्तेमाल चाकू उपलब्ध कराने का आरोप है। फरमान का परिवार पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है। पिता और ताऊ हत्या और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। जबकि आतिफ बैंड का निजी कार्य करता था। परिवार पर कर्ज का बोझ था, जिसके चलते गाजियाबाद में मजदूरी कर रहा था।
दोनों की दोस्ती मुख्य आरोपी असद से गाजियाबाद में कार्य करने के दौरान हुई थी। इसी संबंध ने उन्हें इस अपराध की ओर धकेल दिया।
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। लोग स्तब्ध हैं कि मध्यमवर्गीय परिवारों के ये युवक अपराध की दुनिया में कैसे फिसल गए। पूरे इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है।
रिपोर्ट-अदनान खान










