सीने में दर्द और सांस की तकलीफ को न करें नजरअंदाज
सीने में दर्द और सांस की तकलीफ को न करें नजरअंदाज

-विश्व हृदय दिवस पर जिला अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को किया जागरूक
शामली। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों और तीमारदारों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिकित्सकों ने हृदय रोगों के कारण, शुरुआती लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. समद अली और डॉ. सचिन मलिक ने बताया कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, धूम्रपान व तंबाकू का सेवन और शारीरिक गतिविधियों की कमी हृदय रोग के प्रमुख जोखिम कारक हैं। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम से हृदय रोगों के जोखिम को कम किया जा सकता है। चिकित्सकों ने लोगों को तनाव नियंत्रित रखने और पर्याप्त शारीरिक गतिविधि करने की सलाह दी। उन्होंने धूम्रपान और अन्य नशीले पदार्थों से पूरी तरह दूर रहने के लिए भी जागरूक किया। चिकित्सकों ने बताया कि सीने में दर्द या भारीपन, सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक पसीना, चक्कर आना या अचानक कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई।कार्यक्रम में मरीजों और तीमारदारों को हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जीवनशैली में जरूरी बदलाव करने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।



