₹517.97 लाख की लागत से प्रस्तावित दो प्रमुख संपर्क मार्गों का किया भूमि पूजन
आक्षांश निगम। बांदा
जनपद बांदा के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा एवं किसानों को राहत प्रदान करने की दिशा में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी जी ने विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी विकास सौगात दी है। विधायक द्वारा कुल ₹517.97 लाख की लागत से बनने वाले दो महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री प्रकाश द्विवेदी जी ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

सहेवा नहर पटरी से जोगनी माता मंदिर तक बनेगा 4 किमी संपर्क मार्ग
पहली परियोजना के अंतर्गत सहेवा नहर पटरी से जोगनी माता मंदिर तक लगभग 4 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा, जिसकी कुल लागत ₹310.67 लाख निर्धारित की गई है। इस मार्ग की विशेषता यह होगी कि सड़क निर्माण के साथ-साथ किसानों की सिंचाई सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष पाइप गूल का निर्माण भी कराया जाएगा। साथ ही आवश्यक स्थानों पर रिटेनिंग वॉल का निर्माण कर मार्ग को अधिक सुरक्षित एवं मजबूत बनाया जाएगा।
ग्राम अरबई संपर्क मार्ग के अवशेष भाग का होगा नवनिर्माण
दूसरी परियोजना के अंतर्गत विकास खण्ड बड़ोखर खुर्द स्थित ग्राम अरबई संपर्क मार्ग के अवशेष 2.400 किलोमीटर भाग का नवनिर्माण कराया जाएगा, जिसकी लागत ₹207.30 लाख है। इस मार्ग पर उच्च गुणवत्ता युक्त डामरीकरण के साथ-साथ आवश्यकता वाले क्षेत्रों में मजबूत सी.सी. रोड का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या समाप्त होगी एवं सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी। इस अवसर पर सदर विधायक श्री प्रकाश द्विवेदी जी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास एवं किसानों की खुशहाली हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सहेवा में सड़क के साथ पाइप गूल बनने से किसानों को सिंचाई में बड़ी सुविधा मिलेगी।
हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संकल्पित है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाएगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक जी का आभार व्यक्त किया।










