- अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद ऑडिटोरियम में हुआ आयोजन,वामा सारथी की अध्यक्षा मीनाक्षी सिंह और डीजीपी राजीव कृष्ण ने बांटे पुरस्कार
लखनऊ। वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को पुलिस मुख्यालय स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद ऑडिटोरियम में पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।समारोह में वामा सारथी उत्तर प्रदेश की अध्यक्षा मीनाक्षी सिंह तथा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की जमकर सराहना की।



सार्थक और अनिमेष ने बढ़ाया पुलिस परिवार का मान
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में सार्थक कुमार (पुत्र सर्वदमन कुमार, ओपी) तथा अनिमेष राय (पुत्र चंदन राय, आरक्षी चालक) मुख्य रूप से शामिल रहे। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों से पुलिस परिवार का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कठिन परिश्रम और अनुशासन ही सफलता की कुंजी
समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अन्य छात्र-छात्राओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे मेधावी विद्यार्थी आगे चलकर समाज और पूरे प्रदेश का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं।










