राजनैतिक दलों के साथ विशेष पुनरीक्षण अभियान के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न
मतदाता सूची में नाम बढ़वाने के लिए सहयोग करें राजनीतिक दल-जिला निर्वाचन अधिकारी

श्रावस्ती। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के पश्चात विशेष पुनरीक्षण अभियान के सम्बन्ध में बैठक जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों एवं पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील किया कि पुनरीक्षण अभियान में अपना सहयोग प्रदान करें, ताकि भारत निर्वाचन आयोग के मंशानुरूप जिले में त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
उन्होने कहा कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र नागरिक नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि युवाओं और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें। बैठक में निर्वाचक नामावलियों के निरंतर पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और पहली बार मतदाता बनने के पात्र नागरिकों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। इसके लिए राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र मतदाताओं की पहचान करें।
उन्होंने महिला मतदाताओं, दिव्यांगजनों और मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र लोगों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले पात्र भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि मतदाता पंजीकरण और संशोधन के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।



