नवंबर में होगी पांवधोई नदी की सफाई- मुख्य अभियंता

नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में व्यापार बंधु व उद्योग बंधु की अलग-अलग बैठक सम्पन्न
सहारनपुर। नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव की अध्यक्षता में व्यापार बंधु व उद्योग बंधु की अलग-अलग बैठक हुई। बैठक में स्ट्रीट लाइट, सफाई, नाला व सड़क निर्माण, जल निकासी तथा अतिक्रमण की समस्याओं पर चर्चा हुई।
व्यापार बंधु बैठक में व्यापारी नुसरत साबरी ने पांवधोई की सफाई का मुद्दा उठाया तो मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि अभी ढमोला की सफाई चल रही है, नवंबर में पांवधोई की सफाई कराई जाएगी। राजेश गुलाटी ने वार्डों में फॉगिंग व चूना छिड़काव न होने की बात कही, जिस पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने बताया कि संचारी रोग अभियान के तहत रोस्टर बनाकर प्रतिदिन 14 वार्डों में सफाई, चूना, एंटीलार्वा छिड़काव व फॉगिंग तथा 22 वार्डों के बाहरी जलभराव क्षेत्रों में दो वाहनों से छिड़काव कराया जा रहा है।
नरेश गोयल ने पार्कों की सफाई, मुकुंद मनोहर गोयल ने डीएम आवास रोड व देहरादून रोड पर खराब स्ट्रीट लाइट व सीएम ग्रिड की सड़कों पर चौड़े फुटपाथ का मुद्दा उठाया। गौरव चौहान, अंकित जैन, निखिल गोयल ने अंबाला रोड व घंटाघर पर बसों से जाम की शिकायत की। धोबीघाट के दसवां घाट पर महिला शौचालय व स्नानागार का कार्य जल्द शुरू होने की जानकारी दी गई।
उद्योग बंधु बैठक में आईआईए के मुद्दों पर बताया गया कि आरती प्रिंटर्स से सुपर पेंट तक व अंबे इंडस्ट्रीज से रोहित के मकान तक नाली-सड़क बन गई है। अनूप खन्ना, मनजीत सिंह अरोड़ा, विकास मलिक, राजकुमार ने अतिक्रमण व शारदानगर पुल की लाइट का मुद्दा उठाया।
सहायक नगरायुक्त जे पी यादव ने ओटीएस योजना में सहयोग की अपील की। बैठक में बिकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, डॉ. संदीप मिश्रा, जीएम दिनेश सिंघल व मनोज त्रिवाठी मौजूद रहे।



