कुएं में मिला बीए की छात्रा का शव, गांव में मचा हड़कंप

रामनगर बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर महा सिंह गांव में धान के खेतों के बीच स्थित एक कुएं में 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान अटौता गांव निवासी पार्वती के रूप में हुई है। वह रामनगर डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार को खेतों के बीच बने कुएं में युवती का शव तैरता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रामनगर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों के बीच प्रेम प्रसंग से जुड़ी चर्चाएं भी सामने आई हैं, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ रामनगर गरिमा पंत और कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।



