हाईटेंशन लाइन ने ली युवक की जान, शव रखकर ग्रामीणों का सड़क जाम

बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मंझूपुर गांव में खेत में लटके हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे युवक की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित ग्रामीणों और सुहेलदेव, आर्मी के कार्यकर्ताओं ने दोषियों की गिरफ्तारी एवं पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। थाना क्षेत्र के मंझूपुर गांव निवासी शिवा (20) बीते सोमवार सुबह खेत की जोताई कराने गया था। इसी दौरान खेत में नीचे लटक रहे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे बचाने के प्रयास में उसकी मां सरस्वती और बहन शिवानी भी करंट की चपेट में आ गई थीं। शिवा का इलाज लखनऊ ट्रामा सेंटर में चल रहा था, जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। दोपहर बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया। सुहेलदेव आर्मी के बैनर तले ग्रामीणों ने छंदरौली-मंझूपुर मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारी बिजली विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों तथा ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग पर अड़े रहे।सूचना पर एसडीएम हैदरगढ़ राजेश विश्वकर्मा एवं क्षेत्राधिकारी समीर सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए लोनीकटरा पुलिस के साथ हैदरगढ़ समेत कई थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक धरना-प्रदर्शन जारी था।

रश्मि सिंह मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर हैं और मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्राउंड रिपोर्टिंग और कंटेंट लेखन से की तथा समय के साथ देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार चैनलों में कार्य किया। राजनीति, समसामयिक घटनाक्रम, उत्तर प्रदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और मनोरंजन जगत की रिपोर्टिंग एवं विश्लेषण में उन्हें विशेष अनुभव प्राप्त है। डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों क्षेत्रों में काम करते हुए उन्होंने तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता को अपनी पहचान बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *