शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के बिडोली कस्बे में मेडिकल स्टोर संचालक से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और सीआईए का अधिकारी बताकर रुपये न देने पर जेल भेजने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिडोली निवासी मोहम्मद असलम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भतीजे मोहम्मद रजी उर्फ गुड्डू कस्बे में आरएस मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को हरियाणा पुलिस की एसटीएफ और सीआईए का अधिकारी बताते हुए पांच लाख रुपये की मांग की।
आरोप है कि रकम न देने पर मेडिकल संचालक को झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई। पीड़ित के मुताबिक लगातार दो दिनों तक धमकी भरे फोन आते रहे, जिससे परिवार में भय का माहौल बन गया।
मामले की शिकायत चौसाना पुलिस चौकी में किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई। पुलिस की सलाह पर पीड़ित ने आरोपियों को अपने क्षेत्र में रुपये लेने के लिए बुलाया। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों आरोपी मौके पर पहुंचे, उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वे मौके से फरार होने में सफल रहे।
पीड़ित ने आरोपियों की पहचान विकास पुत्र भीम सिंह निवासी करनाल (हरियाणा) तथा आदेश पुत्र इस्लाम निवासी दौलतपुर, गंगोह (सहारनपुर) के रूप में की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने, धमकी देने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कसाना ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट, सन्नी गर्ग










