एसएसबी की टीम तालश में जुटी
पायनियर संवाददाता। पीलीभीत
कलीनगर क्षेत्र में शारदा सागर डैम से निकलने वाली खरजा नहर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने आए एक 21 वर्षीय युवक के नहर में डूब जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, सिंचाई विभाग और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंच गई तथा युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बरेली जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित डारिया बीरम नगला गांव निवासी 21 वर्षीय मनीष उर्फ आकाश राठौर अपने आठ दोस्तों के साथ शारदा सागर डैम क्षेत्र घूमने आया था। घूमने के दौरान सभी युवक पास से गुजर रही खरजा नहर में नहाने उतर गए। इसी दौरान मनीष नहर के गहरे हिस्से में पहुंच गया और तेज बहाव के बीच संतुलन खो बैठा।
साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ ही पलों में पानी में लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर रमनगरा चौकी प्रभारी मनोज तोमर, तहसीलदार रविंद्र कुमार, सिंचाई विभाग के कर्मचारी तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद नगरिया कट स्थित एसएसबी बटालियन को बुलाया गया। एसएसबी के जवानों ने मोटर बोट की मदद से नहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि मनीष के साथ विशाल, प्रमोद, रंजीत, रवि, अर्जुन, अयोध्या प्रसाद, अरविंद और रमन भी मौजूद थे। सभी युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलने पर मनीष के पिता राम बहादुर भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटे के अचानक लापता होने की खबर से परिजनों में कोहराम मचा है। मनीष परिवार में सबसे छोटा था। वह फोटोग्राफी का काम करता था और अपने पीछे माता-पिता, दो बहनों और एक बड़े भाई को छोड़ गया है।देर शाम तक एसएसबी, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम नहर में युवक की तलाश में जुटी रही।
रिपोर्ट-अदनान खान










