बारिश के बाद ठप्प जल निकासी व्यवस्था पर सख्त हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल

रामलीला टिल्ला में निर्माणाधीन नाले का किया निरीक्षण, अधिकारियों को तय समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश

मुजफ्फरनगर। हाल ही में हुई बारिश के बाद रामलीला टिल्ला क्षेत्र में उत्पन्न जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने निर्माणाधीन नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रामलीला टिल्ला से आबकारी कार्यालय होते हुए नदी तक नाले का निर्माण कार्य चल रहा है।

बारिश के दौरान क्षेत्र की कई गलियों और मकानों में पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने मंत्री के समक्ष जल निकासी की समस्या रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि नाले का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और कार्य के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला महामंत्री संजय गर्ग, दीपक मित्तल, शलभ गुप्ता, विवेक चौहान, मबू शर्मा, अजय सागर, अमित सुधा, ब्रिजू यादव, सभासद मोहित मलिक, संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *