विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में चला हरियाली का महाअभियान

पौधरोपण के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

वैभव दीक्षित। सीतापुर

विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को जनपद भर में ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधरोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सामाजिक वानिकी वन प्रभाग एवं जिला गंगा समिति द्वारा नैपालापुर स्थित सैन्य भूमि पर आयोजित कार्यक्रम में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु, एमएलसी पवन सिंह चैहान तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि अधिकाधिक वृक्षारोपण से आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में आम, आंवला, बहेड़ा, कनकचंपा समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। उधर सकरन ब्लॉक परिसर में खंड विकास अधिकारी श्रीश कुमार गुप्ता एवं ब्लॉक प्रमुख मिथलेश कुमारी वर्मा ने आम का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। एसबीआई सांडा शाखा में भी अधिकारियों व कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। मेरा युवा भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं सैक्रेड हार्ट डिग्री कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने पौधरोपण के साथ चित्रकला, फोटोग्राफी और स्पेल बी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया गया।

 

 

कान्हा गौशाला में मंत्री सुरेश राही ने किया पौधरोपण

हरगांव/सीतापुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरगांव नगर पंचायत स्थित कान्हा गौशाला परिसर में ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार राज्यमंत्री एवं हरगांव विधायक सुरेश राही ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान मंत्री ने कान्हा गौशाला का निरीक्षण भी किया।

निरीक्षण में गौशाला की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने अधिकारियों की सराहना की तथा सभी कार्य शासन की मंशा के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष गफ्फार खान, खंड विकास अधिकारी विवेक मणि त्रिपाठी, भाजपा नेता उदित बाजपेयी, मंडल अध्यक्ष पंकज शुक्ल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सभासद, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

 

मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर वृक्षारोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प

सीतापुर। विश्व पर्यावरण दिवस एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर अग्रवाल सभा, वैश्य सभा एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में केशव ग्रीन सिटी स्थित एस.एन. सिनेमा परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित जीवन प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, महिला मंडल, युवा मंडल एवं स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ धरती के नाम‘‘ के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *