तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हरदोई रोड स्थित शिफा हॉस्पिटल के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे ट्रक संख्या (केए 67 1429) और मोटरसाइकिल संख्या (यूपी 51बीए 8047) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही दुबग्गा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों में अमृतलाल पुत्र रामपाल, निवासी तबेपुर पतीजिया बुजुर्ग, जनपद गोंडा, की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं बाइक पर सवार विपुल कुमार द्विवेदी पुत्र अजीत कुमार द्विवेदी, निवासी महाराजपुर, पिपरी जंघई, प्रयागराज, गंभीर रूप से घायल हैं उनका उपचार किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में चल रहा है।

जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की दुबग्गा पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा ट्रक चालक से पूछताछ की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में शोक की लहर है, जबकि घायल युवक के परिजन उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *