IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने लगाए सबसे ज्यादा छक्के, फिर भी सबसे तेज फिफ्टी में नहीं हैं नंबर-1

आईपीएल 2026 का रोमांच अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आज क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी। राजस्थान रॉयल्स की नजरें एक बार फिर युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी, जिन्होंने पिछले मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए थे। हालांकि वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए, लेकिन पूरे सीजन में उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है।

सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया है। उन्होंने इस सीजन अब तक 15 पारियों में 680 रन बनाए हैं और फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं। खास बात यह है कि उनके 680 रन में से 390 रन सिर्फ छक्कों से आए हैं। वैभव इस सीजन अब तक 65 छक्के जड़ चुके हैं, जो आईपीएल के किसी एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बन गया है।वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने राजस्थान रॉयल्स को कई अहम मुकाबलों में जीत दिलाई है। हालांकि इतने धमाकेदार प्रदर्शन के बावजूद सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में वह पहले स्थान पर नहीं हैं।

Also Read- यूपी भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी, 2027 चुनाव से पहले नया सियासी संतुलन बनाने में जुटी पार्टी

आईपीएल 2026 में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज उर्विल पटेल के नाम दर्ज है। उर्विल ने 10 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 13 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर ली थी। यह आईपीएल इतिहास की संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक भी है। इससे पहले 2023 में यशस्वी जायसवाल ने भी 13 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।

इस सूची में दूसरे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा हैं। उन्होंने 18 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मात्र 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था।

वहीं वैभव सूर्यवंशी तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। उन्होंने इस सीजन तीन बार सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया है, जो अपने आप में बेहद खास उपलब्धि मानी जा रही है। वैभव ने 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स, 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 25 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 15 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी।

इसके अलावा एलिमिनेटर मुकाबले में भी वैभव ने 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर राजस्थान की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उस मैच में उन्होंने 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली।

अब क्वालीफायर-2 में एक बार फिर फैंस को वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। अगर वह आज भी अपना बल्ला चलाने में सफल रहते हैं, तो राजस्थान रॉयल्स फाइनल का टिकट हासिल कर सकती है।

दिल्ली | लखनऊ | रायपुर
आधिकारिक हिंदी समाचार सेवा”
“हर दिन नया मुद्दा, नई सोच और निष्पक्ष खबरों के साथ,
The Hindi Pioneer — सच के साथ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *