वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस पर दी गई श्रद्धांजलि

  • उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी को उनके जीवन और संघर्ष को पढ़कर उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।

लखनऊ, पायनियर संवाददाता। अमर शहीद रानी अवंती बाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में कैपिटल तिराहा स्थित भाजपा मुख्यालय के सामने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और महापौर सुषमा खर्कवाल ने लोधी समाज और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने वीरांगना का स्मरण करते हुए कहा कि उनके बलिदान दिवस पर प्रदेश की जनता और सरकार की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। उन्होंने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी का सनातन संस्कृति की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे आज भी याद किया जाता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी को उनके जीवन और संघर्ष को पढ़कर उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस के साथ संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन त्याग, वीरता और देशप्रेम का अनुपम उदाहरण है, जो आज भी प्रेरणा देता है।

वहीं महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता वीरांगना के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्रहित में समर्पित रहने के लिए संकल्पित है।मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी, संजय लोधी, किशन कुमार लोधी, राम शंकर राजपूत, विपिन सोनकर, घनश्याम अग्रवाल, विजय भुर्जी, विनायक पांडे सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *