अभ्यास मैच में दिखी लखनऊ सुपर जायंट्स की धमाकेदार बल्लेबाजी

  • स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्रिकेट अकादमी में एलएसजी बनाम केआर इलेवन मुकाबला

लखनऊ,खेल संवाददाता। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने गुरुवार को स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्रिकेट अकादमी के मैदान पर यूपी 20 लीग की टीम काशी रुद्रा के खिलाड़ियों के साथ अभ्यास मैच खेला। इस दौरान एलएसजी और केआर इलेवन के बीच खेले गए मुकाबले में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला।

एलएसजी की ओर से कप्तान ऋषभ पंत, अर्शीन कुलकर्णी और शहबाज अहमद ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तेज रन बटोरे। वहीं केआर इलेवन की ओर से मो. शमी, मोहसिन खान और आवेश खान ने अपनी स्विंग और बाउंसर से बल्लेबाजों को चुनौती दी।

जवाब में केआर इलेवन के बल्लेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मुकुल चौधरी, शुभम और अभिषेक ने तेजतर्रार पारी खेलते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और मुकाबले को रोमांचक बना दिया। एलएसजी की ओर से मयंक यादव, दिग्वेश राठी, शहबाज और अर्जुन ने गेंदबाजी में प्रभाव छोड़ा।

नन्हे खिलाड़ियों ने बढ़ाया उत्साह
अकादमी के छोटे-छोटे क्रिकेटर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखने और उन्हें चीयर करने मैदान पहुंचे। इस दौरान कई खिलाड़ियों ने बच्चों को ऑटोग्राफ दिए और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

कल से जुड़ेंगे विदेशी खिलाड़ी
टीम प्रबंधन के अनुसार एलएसजी के सभी भारतीय खिलाड़ी टीम से जुड़ चुके हैं। शुक्रवार से विदेशी खिलाड़ियों का आना शुरू हो जाएगा, जिससे टीम के अभ्यास सत्र में और तेजी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *